राष्ट्रमंडल खेल 2026: अजय बाबू ने भारोत्तोलन में जीता रजत पदक
सौरव ने भले बनाई दूरी, भाभी अर्पिता ने खुद को बताया भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता
कोलकाता। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का नाम समय-समय पर सक्रिय राजनीति से जुड़ता रहा है, जिसे वे हमेशा टालते आए हैं। लेकिन अब उनके परिवार से एक सदस्य खुलकर सियासत के मैदान में सामने आ गया है। सौरव के बड़े भाई और सीएबी अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली की पत्नी अर्पिता गांगुली ने खुलासा किया है कि वे भाजपा की एक सक्रिय कार्यकर्ता हैं और लंबे समय से संघ व पार्टी के लिए काम कर रही हैं।
अर्पिता गांगुली के अनुसार, वे वर्ष 2012 से भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी हुई हैं। मूल रूप से छत्तीसगढ़ की रहने वाली अर्पिता ने वहां पार्टी में विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाली हैं। जुलाई 2024 में स्नेहाशीष गांगुली से विवाह के बाद कोलकाता आने पर भी उन्होंने अपनी राजनीतिक सक्रियता जारी रखी है। भले ही कोलकाता में अभी उनके पास कोई आधिकारिक पद नहीं है, लेकिन वे भाजपा के कार्यक्रमों और तिरंगा यात्राओं में लगातार शामिल हो रही हैं तथा भविष्य में पार्टी द्वारा दी जाने वाली हर जिम्मेदारी के लिए तैयार हैं।
राजनीतिक विवादों पर बात करते हुए अर्पिता ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप भी लगाए। उनका दावा है कि 2025 के दुर्गा पूजा कार्निवल के दौरान भाजपा नेताओं के साथ उनकी तस्वीरें सामने आने के कारण राज्य सरकार के मंत्री अरूप विश्वास ने उन्हें मुख्य मंच से हटने के लिए कहा था। फिलहाल अर्पिता के इन राजनीतिक बयानों और आरोपों पर सौरव गांगुली या संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।